BREAKING

बी आर पी इंटर कालेज में धूम धाम से मनाया गया 'सक्षम' का स्थापना दिवस,

Jan Dhamaka Times


जनपद  जौनपुर। दिव्यांग समाज के सशक्तिकरण के लिए समर्पित राष्ट्रव्यापी संस्था 'सक्षम' का स्थापना दिवस  जनपद के बी.आर.पी. इंटर कॉलेज में अत्यंत गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं दिव्यांग भाइयों द्वारा संयुक्त रूप से माँ सरस्वती, भारत माता, ऋषि अष्टावक्र जी और महाकवि सूरदास जी के चित्रों के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया।


उपस्थित अतिथियों को दिया गया  तुलसी का पौधा

अतिथियों का परिचय कराने के उपरांत संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा सभी विशिष्ट जनों को तुलसी का पौधा, महाकवि सूरदास जी का चित्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बी.आर.पी. इंटर कॉलेज के प्रधानाध्यापक डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी श्रीमान राजेश कुमार नायक, श्री उत्तम कुमार गुप्ता, सक्षम के काशी प्रांत मंत्री श्री घनश्याम पांडे एवं वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ व जिला संघचालक डॉ. सुभाष सिंह एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के संपर्क प्रमुख श्रीमान मनोज जी उपस्थित रहे।



सक्षम की कार्यशैली की  परिकल्पना व लक्ष्य का किया गया मंथन

कार्यक्रम के दौरान श्री उत्कर्ष जी ने सक्षम संस्था की मूल परिकल्पना को सामने रखा, वहीं डॉ. प्रमोद जी ने संस्था के भावी दृष्टिकोण (विजन) पर विस्तार से प्रकाश डाला। श्री राहुल पाठक ने सुमधुर 'सक्षम गीत' की प्रस्तुति देकर सभागार में ऊर्जा भर दी।


 

कार्यक्रम में संस्था का विस्तृत परिचय देते हुए 'सक्षम' के काशी प्रांत मंत्री श्री घनश्याम पांडे जी ने कहा कि संगठन पूरे देश में दिव्यांगों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने सक्षम द्वारा संचालित 'दिव्यांग सेवा केंद्रों' की कार्यप्रणाली और उपयोगिता पर विशेष प्रकाश डालते हुए बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से दिव्यांग भाई-बहनों को न सिर्फ आवश्यक उपकरण, चिकित्सा और थेरेपी की सुविधाएं मिल रही हैं, बल्कि उन्हें विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है और स्वावलंबी बनाया जा रहा है।



सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्थापना दिवस के अवसर पर दिव्यांग बच्चों द्वारा अत्यंत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसे देखकर पूरा सदन भाव-विभोर हो उठा। इसके बाद राहुल पाठक द्वारा प्रस्तुत एक देशभक्ति गीत ने सभी को देशप्रेम के भाव से सराबोर कर दिया।



कुछ  संस्थाओं का हुआ सम्मान

समारोह के अंतिम चरण में जिला अध्यक्ष श्री उत्तम कुमार गुप्ता द्वारा दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन जिला सचिव श्री विक्रांत जी ने किया। अंत में भारत माता की आरती और सामूहिक जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर जिले के तमाम गणमान्य नागरिक और सक्षम परिवार के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!