सड़क हादसे में एक युवक की मौत , दूसरा गंभीर रूप से घायल
जनपद जौनपुर । बदलापुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा फत्तूपुर फोरलेन पर उस समय हुआ जब एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। बताते है कि सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के पल्हामऊ गांव निवासी शनि पुत्र धर्मेंद्र अपने साथी जगदीश पुत्र रामनाथ के साथ कार से लखनऊ से जौनपुर की ओर लौट रहे थे।सुबह के समय जब उनकी कार बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के फत्तूपुर फोरलेन के पास पहुंची, तभी वह सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शनि को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल जगदीश की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उसे ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।
Tags
