जनपद गाजीपुर। के मुहम्मदाबाद नगर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कई स्थानों पर यह अफवाह फैल गई है कि गैस सिलेंडर की कमी हो गई है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल रही है। इस अफवाह के चलते लोगों में भ्रम और चिंता की स्थिति देखी जा रही है।
हालांकि स्थानीय गैस एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार ऐसी कोई समस्या नहीं है। गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। एजेंसी संचालकों ने स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है, बल्कि बुकिंग की प्रक्रिया और समयसीमा को लेकर लोगों में गलतफहमी फैल गई है।
एजेंसियों के अनुसार घरेलू गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडर प्राप्त होने की तिथि से 25 दिन बाद अगली बुकिंग करनी होती है। बुकिंग के बाद 26वें दिन सिलेंडर की आपूर्ति उपभोक्ताओं के घर तक कर दी जाती है। यह प्रक्रिया सभी उपभोक्ताओं के लिए समान रूप से लागू है और इसी नियम के आधार पर वितरण किया जा रहा है।
नगर क्षेत्र में संचालित भारत गैस और हिंदुस्तान पेट्रोलियम गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उपभोक्ताओं को केवल ऑनलाइन या निर्धारित माध्यम से समय पर बुकिंग करनी होगी, जिसके बाद तय अवधि में गैस सिलेंडर की डिलीवरी कर दी जाती है।
ब्यूरो रिपोर्ट प्रदीप कुमार पाण्डेय।
