भव्य श्रृंगार, शस्त्र पूजन और आरती के साथ भक्तों ने लिया माता का आशीर्वाद
गाजीपुर । जनपद के थाना कोतवाली मुहम्मदाबाद क्षेत्र अंतर्गत नसीरपुर कलां भाटा स्थित प्राचीन माता महाकाली मंदिर में चैत्र नवरात्र की सप्तमी तिथि पर अद्भुत भक्तिभाव का दृश्य देखने को मिला। इस पावन अवसर पर माता का भव्य श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।
यह प्राचीन मंदिर अपनी विशेषता के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। हर वर्ष चैत्र नवरात्र के दौरान यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होते हैं, माता के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण करते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। बुधवार की संध्या को भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा वातावरण "जय माता दी" के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा माता का आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा परंपरानुसार शस्त्र पूजन भी संपन्न हुआ। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और क्षेत्र की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनी हुई है। माता के श्रृंगार के पश्चात चांदी का मुकुट और छत्र चढ़ाया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सुधाकर पाण्डेय, समाज सेविका मीरा राय, ट्रामा सेंटर के आर्थो सर्जन डॉ. पंकज वर्मा,निलेश राय, कोतवाली प्रभारी राजेश त्रिपाठी, मंदिर के पुजारी सत्य प्रकाश उर्फ मुकेश जी सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में श्रद्धा और भक्ति के साथ माता महाकाली की भव्य आरती की गई। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर मां का आशीर्वाद लिया और अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।
पूरा आयोजन श्रद्धा, भक्ति और परंपरा का अद्भुत संगम रहा, जिसने सभी के मन को भक्तिभाव से भर दिया।
ब्यूरो रिपोर्ट प्रदीप कुमार पाण्डेय।
