जनपद जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के सधीरनगंज गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक 60 वर्षीय महिला का शव घर के भीतर साड़ी के फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सधीरनगंज गांव निवासी इंद्रावती (60 वर्ष) पत्नी पंधारी पाल ने अपने ही घर में सीमेंट की गाटर में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। काफी देर तक महिला के नजर नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद घर के अंदर तलाश की गई। इसी दौरान महिला का शव फंदे से लटकता हुआ देखकर परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
