BREAKING

स्कॉर्पियो-बाइक टक्कर में दो की मौत, एक किशोर गंभीर घायल मामला रामपुर थाना क्षेत्र का

Jan Dhamaka Times


जनपद  जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत यादव नगर औरा के पास बुधवार की रात करीब 8:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर से हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मृतकों की पहचान गुड्डू (30 वर्ष) पुत्र रामलाल, निवासी यादव नगर और उनके जीजा संतोष (35 वर्ष) निवासी पोखरिया लालाबाजार, सिकरारा (जौनपुर) के रूप में हुई है। हादसे में आकाश उर्फ सिपाही (14 वर्ष) पुत्र स्व. रमाशंकर गौतम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए भदोही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुड्डू के बड़े भाई राहुल की बेटी के लड़के का बरही कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान बिजली कट जाने के कारण बैटरी की आवश्यकता पड़ी। इसी सिलसिले में गुड्डू और उनके जीजा संतोष बाइक से हाइवे स्थित एक टेंट हाउस से बैटरी लेने गए थे। बैटरी लेने के बाद जब वे घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में आकाश उर्फ सिपाही भी बाइक पर बैठ गया। तीनों जैसे ही यादव नगर औरा के पास पहुंचे, जौनपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

यादव नगर औरा के पास बुधवार रात हुआ हादसा, अज्ञात स्कॉर्पियो की तलाश में जुटी पुलिस

टक्कर इतनी भीषण थी कि गुड्डू और संतोष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


इस संबंध में रामपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि एक घायल किशोर का इलाज भदोही के एक निजी चिकित्सालय में चल रहा है। हादसे में शामिल अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन की तलाश की जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!