BREAKING

पोषाहार की थाली में सजे स्वाद और सेहत के व्यंजन

Jan Dhamaka Times

 


रेसिपी प्रतियोगिता में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने दिखाई रचनात्मकता, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कार्यकत्रियां हुईं सम्मानित

खुटहन, जौनपुर।
बाल विकास परियोजना खुटहन में मंगलवार को नए पोषाहार से तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों की रेसिपी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पोषाहार का बेहतर उपयोग करते हुए स्वादिष्ट, पौष्टिक एवं आकर्षक व्यंजन तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने पोषाहार को बच्चों एवं अन्य लाभार्थियों के लिए रुचिकर और स्वादिष्ट बनाने के विभिन्न तरीके प्रस्तुत किए। आकर्षक ढंग से सजाए गए व्यंजनों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पौष्टिक भोजन को स्वादिष्ट और बच्चों की पसंद के अनुरूप बनाकर उन्हें बेहतर पोषण प्रदान किया जा सकता है। प्रतियोगिता में तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को खंड विकास अधिकारी खुटहन द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान और पुरस्कार मिलने पर विजेता कार्यकत्रियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पोषण संबंधी गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।


अधिकारियों ने कार्यकत्रियों को प्रेरित किया कि वे पोषाहार से बनने वाले नए-नए पौष्टिक व्यंजनों के प्रति बच्चों और लाभार्थियों में जागरूकता बढ़ाएं तथा पोषण अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करें।

कार्यक्रम में सभी मुख्य सेविकाएं, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर विपिन कुमार यादव एवं सीडीपीओ सुरेश कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं। प्रतियोगिता ने न केवल कार्यकत्रियों की पाक-कला एवं रचनात्मकता को मंच दिया, बल्कि स्वाद के साथ बेहतर पोषण और स्वस्थ जीवन का संदेश भी दिया।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!