फांसी पर लटका मिला विवाहिता का शव
जनपद जौनपुर । मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के चित्तापुर गांव में विवाहिता 30 वर्षीया लक्ष्मी देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।लक्ष्मी देवी की मौत से कुछ समय पहले के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। एक वीडियो में विवाहिता रोते हुए कह रही है कि उसके ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसे फांसी लगाकर मार डाला। दूसरे वीडियो में वह कहती दिख रही है कि दहेज के लिए ताना देकर उसे मरने पर मजबूर किया गया। सूचना मिलने पर मृतका के मायके वाले, नेवढ़िया थाना क्षेत्र के शेखूपुर गांव निवासी पिता शिव अधार पटेल और भाई सचिन पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने नेवढ़िया थाने में तहरीर दी, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उनकी बेटी लक्ष्मी पटेल की शादी मई 2019 में अजय पटेल (निवासी चित्तापुर, धनेथु) से हुई थी।तहरीर के अनुसार, शादी में 2 लाख रुपए नकद, एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल, 10 ग्राम सोने की चेन, एक अंगूठी और अन्य घरेलू सामान दिया गया था। इसके बावजूद, पति अजय पटेल, देवर मोहित पटेल, सास सुमित्रा और ससुर लालचंद पटेल संतुष्ट नहीं थे। वे चार पहिया गाड़ी की मांग को लेकर लक्ष्मी देवी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। मृतका की दो नाबालिग बेटियां हैं, नित्या (5 वर्ष) और नव्या (3 वर्ष)। पिता ने आरोप लगाया है कि पति अजय पटेल, ससुर लालचंद पटेल, देवर मोहित पटेल और सास सुमित्रा लगातार दहेज की मांग करते थे और उनकी बेटी को मारते-पीटते थे। उन्होंने जानबूझकर उनकी बेटी की हत्या की है।तहरीर के आधार पर, नेवढ़िया पुलिस ने रविवार रात करीब 10 बजे पति अजय पटेल, देवर मोहित पटेल, सास सुमित्रा और ससुर लालचंद पटेल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Tags