जान से मारने की धमकी पांच के खिलाफ रिपोर्ट
जनपद जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम निशान उदियासन नहर के पास एक महिला के इकलौते बेटे को जान से मारने की नीयत से घेरने और पुराने मुकदमे में सुलह न करने पर हत्या की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पांच नामजद अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निशान गांव निवासी जमीला पत्नी रशीद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पड़ोसी सनवर, मेंहदीहसन उर्फ मोनू, सद्दाम, चांद मोहम्मद पुत्रगण मुद्दी और सोहराब पुत्र रुस्तम काफी दबंग और सरकस किस्म के व्यक्ति हैं । पीड़िता के अनुसार, इन लोगों ने पहले भी उनके घर में घुसकर उनके और बच्चों के साथ मारपीट की थी, जिसके संबंध में बीते मार्च माह में थाना गौराबादशाहपुर में मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप है कि उसी रंजिश को लेकर बीते शनिवार सुबह करीब 8 बजे जब पीड़िता का इकलौता बेटा सन्नी उदियासन नहर के पास था, तो उपरोक्त आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से घेर लिया। किसी तरह अपनी जान बचाकर वह अपनी मां के पास पहुंचा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार उन पर पुराने मुकदमे में सुलह करने का दबाव बना रहे हैं और धमकी दे रहे हैं कि यदि सुलह नहीं की तो उनके बेटे को जान से मार देंगे और उनकी संपत्ति छीन लेंगे। आरोपियों ने तहरीर देने पर उनकी बेटी के साथ भी अनहोनी की धमकी दी है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव के निर्देश पर पुलिस ने सनवर, मेंहदीहसन, सद्दाम, चांद मोहम्मद और सोहराब के खिलाफ मामला पंजीकृत किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मुन्ना लाल शर्मा को सौंपी गई है।
Tags