गाजीपुर। जनपद के मुहम्मदाबाद खंड विकास परिसर के सभागार में क्षेत्र पंचायत की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के समग्र विकास के लिए चल रही विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बी डी सी) को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान बी डी सी के सदस्योंने एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा की, जिसमें विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं और उनके चयन की प्रक्रिया पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अंतर्गत महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण के प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई।
कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने किसानों को सरकारी योजनाओं, उन्नत बीज, सिंचाई सुविधाओं और कृषि तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया, ताकि क्षेत्र के किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकें और बेहतर कृषि सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
इस बैठक में सभी बी डी सी सदस्य उपस्थित रहे, और उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं को उठाया। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को ध्यान से सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख अवधेश राय ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को मिलकर कार्य करना होगा, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। बैठक का संचालन खंड विकास अधिकारी (बी डी ओ) यशवंत राव ने किया।
इस बैठक में प्रमुख अधिकारियों में ए डी ओ आई एस बी संजय कुमार सिंह, जे ई प्रमोद कुमार, ए पी ओ नितेश कुमार, नीरज कुमार, जितेन्द्र कुमार, सचिव राम निवास राय, अशोक राय और खंड विकास कार्यालय के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में विकास कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संकल्प के साथ समापन हुआ।
ब्यूरो रिपोर्ट प्रदीप कुमार पाण्डेय।
