जनपद जौनपुर | में गौवंश एवं अन्य निराश्रित पशुओं के संरक्षण एवं उनके समुचित भरण-पोषण के लिए संचालित गौशालाओं में वर्तमान समय में भूसे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र द्वारा गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी जनपद के समस्त कृषक बंधुओं, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक मात्रा में भूसा दान कर गौशालाओं में संरक्षित निराश्रित गोवंश के लिए सहयोग प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनपद के किसान भाई यदि अपनी फसल से प्राप्त भूसे का कुछ भाग गो आश्रय स्थलों के लिए दान करते हैं तो इससे निराश्रित पशुओं के संरक्षण में बड़ी सहायता मिलेगी।
उन्होंने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भूसा संग्रहण के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा प्राप्त भूसे को गौशालाओं तक शीघ्र पहुंचाया जाए।
