जनपद जौनपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में शासन की नौ वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित प्रेस वार्ता में मा0 मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग/प्रभारी मंत्री श्री ए. के. शर्मा जी ने मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने अराजकता से व्यवस्था, निराशा से विश्वास और बीमारू राज्य से विकासशील राज्य बनने तक की ऐतिहासिक यात्रा तय की है। आज उत्तर प्रदेश न केवल देश में बल्कि पूरे भारत का “ग्रोथ इंजन” बनकर उभरा है।
मा0 मंत्री जी ने मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी एवं मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी को रिकॉर्ड कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। कानून व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब पूरी तरह कानून का राज स्थापित है, माफिया और गुंडागर्दी पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है और आमजन में सुरक्षा व विश्वास का माहौल बना है।
आधारभूत संरचना एवं निवेश के क्षेत्र में उन्होंने कहा कि जेवर में बन रहा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट प्रदेश को वैश्विक पहचान देगा। महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी प्रगति करते हुए महिलाओं की भागीदारी 15 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत तक पहुंची है। वहीं कृषि क्षेत्र में उत्तर प्रदेश खाद्यान्न उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है और गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान किया गया है। साथ ही, किसान सम्मान निधि और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है और बड़ी संख्या में लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
