जनपद आजमगढ़ पूर्वांचल एवं ग्रामीण भारत में खेल, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से IDEA and Startup Purv के तत्वावधान में 14 एवं 15 फरवरी 2026 को सरदार पटेल इंटर-स्टेट वॉलीबॉल टूर्नामेंट–2026 का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता कृष्णा इंटर कॉलेज परिसर, मऊकुतुबपुर, सगड़ी, आजमगढ़ में संपन्न होगी।
टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों की प्रतिष्ठित टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹51,000, उपविजेता को ₹31,000 तथा मैन ऑफ द सीरीज को ₹10,000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा बेस्ट लिबरो, बेस्ट सेटर और बेस्ट अटैकर को ₹5,000–₹5,000 का विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं के समग्र विकास की दिशा में एक दीर्घकालिक पहल है। संस्था की योजना खेल संस्कृति के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें कौशल प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और स्टार्टअप से जोड़ने की है।
