जनपद जौनपुर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में दिव्यांशु सिंह के नेतृत्व में छात्र संघर्ष मोर्चा के बैनर तले पुलवामा में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और शहीदों के सम्मान में गूंज उठा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने एकत्रित होकर हाथों में मोमबत्तियां जलाकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनके प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छात्र नेता दिव्यांशु सिंह ने कहा कि पुलवामा में हमारे वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए जो सर्वोच्च बलिदान दिया, वह पूरे राष्ट्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनकी शहादत केवल एक घटना नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता, साहस और अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। भारत का प्रत्येक नागरिक भारतीय सेना का सिपाही है और देश की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा के लिए सदैव सजग और प्रतिबद्ध रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित छात्रों ने हाथों में जलती मोमबत्तियों के साथ शहीदों को नमन किया और देशभक्ति के नारों के माध्यम से अपनी एकजुटता प्रकट की। कार्यक्रम में पृथ्वीराज सिंह, साईं राम यादव, पवन यादव, शुभम, रवि, मोनू, शंभूनाथ, आलोक पंडित, नीतिश, दीपक, बिपुल मिश्रा, रजनीश यादव, अनिकेत बिंद सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।


