जनपद आजमगढ़ में मुख्यचिकित्साधिकारी, आजमगढ़ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार परिवार कल्याण कार्यक्रम को गति देने के उद्देश्य से आगामी 20 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को मंडलीय जिला चिकित्सालय में वृहत पुरुष नसबंदी शिविर का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में यह विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। जनपद में पुरुष नसबंदी की उपलब्धि लक्ष्य के सापेक्ष कम होने के कारण इसे बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
सीएमओ ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक विकासखंड से न्यूनतम 05 लाभार्थियों की पहचान कर उनकी आवश्यक चिकित्सीय जांच, कागजी कार्यवाही एवं परामर्श पूर्ण कराते हुए समय से शिविर में उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इस कार्य में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, आशा, एएनएम, एलएचवी तथा पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य की गई है।
पुरुष नसबंदी के लाभों पर प्रकाश डालते हुए अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल आरसीएच डॉ. उमाशरण पांडेय ने कहा कि पुरुष नसबंदी एक सुरक्षित, सरल एवं स्थायी परिवार नियोजन उपाय है। यह अल्प समय की प्रक्रिया है, जिसके बाद व्यक्ति शीघ्र ही सामान्य जीवन में लौट सकता है। इससे पुरुषों की शक्ति, क्षमता अथवा स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।


