जनपद जौनपुर के थाना बरसठी क्षेत्र के आलमगंज गांव में दबंगों द्वारा की गई बर्बर घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित संजय शर्मा ने आरोप लगाया है कि जटाशंकर यादव, शिवशंकर यादव, मनोज यादव सहित लगभग 10–12 लोग एक राय होकर उनके घर पहुंचे।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले संजय शर्मा के दरवाजे पर नदचन्नी रखकर गोबर फेंका, इसके बाद जानवर लाकर जबरन दरवाजे पर बांध दिए। जब पीड़ित परिवार ने इसका विरोध किया तो दबंगों ने लाठी-डंडा व फरसा से हमला कर दिया।
इस हमले में संजय शर्मा, उनकी पत्नी, बेटी एवं बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार कराया गया। पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना थाना बरसठी में दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रह सके
