जनपद जौनपुर। जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। महज 14 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर सगे मामा के लड़के ने ही युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मात्र पांच घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेहदी गांव निवासी बृजेश यादव (23 वर्ष), पुत्र लालचंद यादव की हत्या कर दी गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि हत्या का आरोपी उसका सगा मामा का लड़का रोहित यादव पुत्र स्व. दशरथ यादव, निवासी ग्राम चक तुलसी थाना भदोही है। दोनों के बीच 14 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने तत्काल स्वयं मोर्चा संभाला। उनके कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सक्रियता और सूझबूझ का परिचय देते हुए मात्र पांच घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार की तत्परता, रणनीतिक कार्रवाई और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी सक्रियता से अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ती है।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि लालच और पैसों के विवाद में रिश्तों की मर्यादा किस तरह तार-तार हो रही है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


.jpeg)
