जनपद गाजीपुर के मुहम्मदाबाद मुंसिफ न्यायालय परिसर उस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब सेंट्रल बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथग्रहण समारोह अत्यंत भव्यता, गरिमा और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक प्रतिनिधियों और समाज के विशिष्टजनों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को चार चाँद लगा दिए। समारोह के मुख्य अतिथि माननीय धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय (जनपद न्यायाधीश, गाजीपुर) रहे। उनकी उपस्थिति मात्र से ही न्याय, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की गंभीर अनुभूति सम्पूर्ण परिसर में परिलक्षित होती रही।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में माननीय शक्ति सिंह (अपर जिला जज, गाजीपुर), माननीय नूतन द्विवेदी (मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, गाजीपुर), माननीय रणजीत कुमार जायसवाल, माननीय मनोज कुमार यादव, माननीय हाजिक हुसैन अंसारी, उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी, क्षेत्राधिकारी सुधाकर पाण्डेय तथा समाजसेवी वीरेंद्र राय की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष ऊँचाई प्रदान की।
मुख्य अतिथि माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा सेंट्रल बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के क्षण अत्यंत भावुक एवं प्रेरणादायक रहे। अधिवक्ताओं के चेहरे पर दायित्वबोध और आँखों में न्याय सेवा के प्रति अटूट संकल्प स्पष्ट झलक रहा था।
शपथ लेने वालों में अध्यक्ष दयाशंकर दुबे, महासचिव धनंजय राय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिराम सिंह यादव एवं गोविंद नारायण सिन्हा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष प्रभास पाण्डेय एवं मनीष कुमार राय, सहसचिव आनंद प्रधान तथा कोषाध्यक्ष अवध बिहारी यादव शामिल रहे।
अन्य अतिथियों ने भी नवगठित कार्यकारिणी को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि सेंट्रल बार एसोसिएशन अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के साथ-साथ न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जन-हितैषी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन कृष्णानंद राय ने किया, जबकि समारोह की अध्यक्षता अवध बिहारी यादव ने की। अंत में सभा अध्यक्ष द्वारा सभी सम्मानित अतिथियों, न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ता साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


.jpg)