BREAKING

हर घर तिरंगा अभियान के तहत जनपद में उत्साहपूर्वक आयोजित हो रहे विभिन्न कार्यक्रम

Jan Dhamaka Times

तिरंगा रैली, जागरूकता कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को किया जा रहा राष्ट्रप्रेम के प्रति जागरूक


जौनपुर,  09 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत जनपद में विभिन्न कार्यक्रम उत्साह एवं उल्लास के साथ आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य जनपदवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

अभियान के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा रैली, जागरूकता कार्यक्रम, विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताओं सहित देशभक्ति से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन द्वारा बढ़-चढ़कर सहभागिता की जा रही है।


इसी क्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में तिरंगा रैलियों का आयोजन कर आमजन को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। रैलियों में बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर लोगों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

वहीं, विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में रंगोली, चित्रकला, निबंध लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, देश की स्वतंत्रता के गौरवपूर्ण इतिहास तथा राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी दी जा रही है। बच्चों और युवाओं में इन कार्यक्रमों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने जनपदवासियों से अपील की है कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।


जिलाधिकारी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक का गौरव ही नहीं, बल्कि दायित्व भी है। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान को सफल बनाने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।

— जन धमाका टाइम्स, जौनपुर

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!